4 सितंबर को गिर्दा की याद में स्मृति सभा
जसम की ओर से गिर्दा की याद में स्मृति सभा 4 सितंबर, शनिवार शाम 5 बजे नई दिल्ली के राजेन्द्र भवन के सेमिनार हॉल में बुलाई गई है. पहले यह सभा गांधी शांति प्रतिष्ठान में होने वाली थी लेकिन कुछ कारणों से वहाँ नहीं हो पा रही है. पिछले दिनों लोकप्रिय जन कवि गिर्दा नहीं रहे. गिरीश तिवाड़ी गिर्दा के जाने से सांस्कृतिक-राजनीतिक जगत की अपार क्षति हुई है. इसीलिए जन संस्कृति मंच की तरफ से गिर्दा को याद में एक बैठक बुलाई गई है. गिर्दा की याद में होने वाली इस बैठक में उत्तराखंड से गिर्दा के कुछ पुराने साथी आएँगे, दिल्ली के उनके कुछ पुराने मित्र भी होंगे और वे लोग भी जिन्होंने आखिरी क्षणों में गिर्दा को सुनने का सुख प्राप्त किया है.
कुछ महत्वपूर्ण वक्ताओं में प्रो. शेखर पाठक, चंडी प्रसाद भट्ट, मंगलेश डबराल, पंकज बिष्ट, आनंद स्वरुप वर्मा आदि होंगे. इसके अलावा उनकी कुछ कविताओं का पाठ और कुछ गीतों की प्रस्तुति भी होगी. उत्तराखंड की लोक कला पर बनी एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमे गिर्दा सूत्रधार की भूमिका में हैं. साथ ही गिर्दा के अवसान के बाद उन पर निर्मित एक ऑडियो-विजुअल कोलाज की भी प्रस्तुति होगी.
